सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाज़ी से मैच का रुख बदला
आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को हरा दिया। 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया। उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ पारी में कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा के नाम भी एक खास रिकॉर्ड जुड़ गया है। वहीं, आरसीबी की टीम एक अनचाहे रिकॉर्ड की लिस्ट में शामिल हो गई है।
आरसीबी से मिले 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल 13 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला और उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने आठ चौके और सात छक्के लगाए। आरआर ने 18 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
कौन-कौन से रिकॉर्ड्स में शामिल रहे वैभव?
वैभव ने अपना अर्धशतक सिर्फ 15 गेंदों में पूरा किया। वह आईपीएल में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। वैभव ने इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
वैभव ने आईपीएल में तीसरी बार 20 से कम गेंदों में अर्धशतक लगायाा। उन्होंने इस मामले में ट्रेविस हेड की बराबरी की। हेड ने भी 20 से कम गेंदें खेलते हुए तीन बार अर्धशतक लगाया है। इस लिस्ट में टॉप पर निकोलस पूरन और अभिषेक शर्मा का नाम है, जो यह कारनामा चार बार कर चुके हैं।
राजस्थान रॉयल्स की तरफ से वैभव सूर्यवंशी पावरप्ले के अंदर तीसरी बार अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में जोस बटलर की बराबरी की है।
वैभव और ध्रुव जुरेल की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने छह ओवर में एक विकेट खोकर 97 रन बनाए, जो पावरप्ले में टीम का इस लीग में सबसे बड़ा स्कोर भी है। वहीं, आईपीएल इतिहास का यह पावरप्ले में बनाया गया पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है। वैभव-जुरेल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 108 रनों की साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 17.51 के रन रेट से रन बटोरे।
रवींद्र जडेजा के नाम जुड़ी खास उपलब्धि
आरआर के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने इस मुकाबले में खास मुकाम हासिल कर लिया है। रवींद्र जडेजा ने इस मुकाबले में टी20 क्रिकेट में अपने चार हजार रन पूरे किए। जडेजा इसके साथ ही टी20 क्रिकेट में 4000 रन और 200 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
जडेजा से पहले ऐसा सिर्फ हार्दिक पांड्या ही कर सके हैं।जडेजा ओवरऑल यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 25वें खिलाड़ी हैं। जडेजा ने गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो ओवर के स्पेल में सिर्फ 14 रन खर्च किए और रोमारियो शेफर्ड का बड़ा विकेट अपने नाम किया।
आरसीबी को फिर होना पड़ा मायूस
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 201 रन लगाए। टीम की तरफ से कप्तान रजत पाटीदार ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि विराट कोहली ने 32 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए, तो रोमारियो शेफर्ड ने 22 रन बनाए।
- आरसीबी की टीम 201 रन बनाकर भी मैच हार गई और पंजाब किंग्स के एक निराशाजनक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। आईपीएल के इतिहास में यह 7वां मौका था, जब आरसीबी 200 या उससे अधिक रन का बचाव नहीं कर सकी।
- सीजन में प्रचंड फॉर्म में चल रही आरसीबी के लिए यह सिर्फ हार नहीं थी। हार के साथ ही आरसीबी ने पंजाब किंग्स के हारने के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पंजाब किंग्स भी आईपीएल में 7 बार 200 या उससे अधिक का स्कोर करने के बाद मैच हारी है।
- इन दोनों टीमों के अलावा 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाने के बाद सर्वाधिक मैच गंवाने वाली टीमें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और कोलकाता नाइट राइडर्स हैं। सीएसके छह बार और केकेआर पांच बार हारी है।
- यह पांचवां मौका था जब आरआर ने 200 या उससे अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच जीता। यह उपलब्धि सबसे ज्यादा पंजाब के नाम है। पंजाब ने नौ बार यह काम किया है। मुंबई इंडियंस छह बार, सनराइजर्स हैदराबाद चार बार, और आरसीबी चार बार यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है।


तेजस्वी यादव का आरोप- भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है
मोहन यादव ने जताई नाराजगी, कांग्रेस नेताओं से जवाब तलब
आंसरशीट में लिखा संदेश- “33 नंबर देकर आशीर्वाद दें”
118 किमी की धार्मिक यात्रा, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह
10 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न, सामाजिक एकता का संदेश