नई दिल्ली। आगामी त्योहारों जैसे दशहरा और दिवाली पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रेलवे ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से दिल्ली, चंडीगढ़ और फिरोजपुर के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। अक्टूबर और नवंबर महीने में संचालित होने वाली ये साप्ताहिक सेवाएं त्योहारों के दौरान घर जाने वाले लाखों यात्रियों के सफर को सुगम बनाएंगी।

अयोध्या कैंट और आनंद विहार के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

ट्रेन संख्या 04213/04214 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनस-अयोध्या कैंट (द्वि-साप्ताहिक) कुल 18 फेरे लगाएगी। अयोध्या कैंट से यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर गुरुवार और रविवार को शाम 18:20 बजे रवाना होकर रात 20:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 06:10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को आनंद विहार से सुबह 09:00 बजे चलकर शाम 18:20 बजे लखनऊ और रात 22:00 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। रास्ते में यह गाड़ी बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी।

वाराणसी से चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए ट्रेन सेवा

वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी आरक्षित विशेष ट्रेन (संख्या 04227/04228) वाराणसी से 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक (गुरुवार व रविवार) और चंडीगढ़ से 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक संचालित होगी। इसके अलावा, वाराणसी-दिल्ली-वाराणसी आरक्षित स्पेशल (संख्या 04209/04210) कुल 25 फेरों के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन वाराणसी से 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक (शुक्रवार, सोमवार, बुधवार) रात 22:15 बजे छूटकर तड़के 03:30 बजे लखनऊ और दोपहर 13:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से यह सेवा 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक (शनिवार, मंगलवार, गुरुवार) शाम 18:50 बजे चलकर तड़के 03:50 बजे लखनऊ और सुबह 09:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद में रहेगा।

निर्माण और मरम्मत कार्य से कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

विशेष ट्रेनों की सौगात के बीच दानापुर रेल मंडल में मरम्मत और विकास कार्यों के कारण कुछ रूटों पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा। राजेन्द्र पुल, हाथीदाह जंक्शन, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी के बीच दोहरीकृत लाइन पर नए पुल निर्माण हेतु ब्लॉक लिया जाएगा। इस कार्य के चलते 24 सितंबर को 05060 लालकुआं-कोलकाता एक्सप्रेस और 26 सितंबर को 05059 कोलकाता-लालकुआं एक्सप्रेस रद्द रहेगी। साथ ही, 13105 सियालदह-बलिया एक्सप्रेस (1 से 4 अक्टूबर) और 13106 बलिया-सियालदह एक्सप्रेस (1 से 5 अक्टूबर) का संचालन भी निरस्त रहेगा। 22 सितंबर से 15098 जम्मूतवी-भागलपुर और 15097 भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस को मुंगेर-बरौनी के रास्ते परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।