जबलपुर: संस्कारधानी के गढ़ा थाना अंतर्गत मुजावर मोहल्ला निवासी एक आदतन अपराधी ने जेल से रिहा होते ही अपनी पुरानी हरकतों को फिर से अंजाम देना शुरू कर दिया है। जेल से छूटने के कुछ ही दिनों के भीतर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक और उसके दोस्त पर कातिलाना हमला कर दिया।

पुरानी रंजिश के चलते दिया घटना को अंजाम

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी पिंटू सुल्तानी की पीड़ित समीर खान के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही थी। जेल जाने से पहले ही उसने समीर को जान से मारने की धमकी दी थी और जेल से बाहर आते ही वह अपने साथियों के साथ उसकी तलाश में जुट गया था।

देर रात धारदार हथियार से किया गया हमला

बीती देर रात जब समीर अपने एक दोस्त के साथ गढ़ा क्षेत्र में मौजूद था, तभी पिंटू सुल्तानी अपने दो अन्य साथियों अजय खान और एक अन्य के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने अचानक दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार और साथियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घायलों को तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिंटू सुल्तानी को आज सुबह दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।