बड़वानी| मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र के बरूफाटक इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि पति ने अपने भाई और एक अन्य रिश्तेदार के साथ मिलकर दोनों के हाथ रस्सी से बांध दिए, उनके साथ बेल्ट और ट्यूब से जमकर मारपीट की और फिर उन्हें गांव से लेकर हाईवे तक सार्वजनिक रूप से पैदल घुमाया। इस दौरान युवक के कपड़े भी उतरवा दिए गए। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

वीडियो सामने आने के बाद हुआ खुलासा

सामने आए वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला और उस युवक के हाथ पीछे की तरफ रस्सी से बंधे हुए हैं। शुरुआत में दोनों को एक घर के पीछे झाड़ियों के पास खड़ा रखा गया और फिर उग्र भीड़ ने उन्हें धमकाते हुए पैदल चलने के लिए मजबूर किया। ग्रामीण हूटिंग करते हुए दोनों को कनासपुरा से पैदल आरसी बरूफाटक स्टेडियम और गांव से होते हुए मुख्य हाईवे तक ले गए। बारिश के इस माहौल में करीब 500 से 700 मीटर तक दोनों को नंगे पैर पैदल चलाया गया और बाद में एक खुले मैदान में सैकड़ों लोगों की भीड़ के बीच लाकर खड़ा कर दिया गया।

सरपंच और पुलिस ने कराया मुक्त

जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, तो गांव के सरपंच और ठीकरी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों पीड़ितों को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया और सुरक्षित सरकारी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका चिकित्सीय परीक्षण और उपचार कराया गया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल में ही महिला और युवक के विस्तृत बयान दर्ज किए।

महिला ने पति पर लगाए गंभीर प्रताड़ना के आरोप

पीड़ित महिला ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसकी शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। उसका आरोप है कि उसका पति अत्यधिक शराब पीने का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसी घरेलू प्रताड़ना और कलह से तंग आकर वह करीब एक महीने पहले अपने मायके चली गई थी। इसके बाद उसने मगरखेड़ी क्षेत्र में एक कमरा किराए पर लिया और निमरानी की एक निजी कंपनी में मजदूरी करके अपना जीवन गुजारने लगी।

महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि रविवार की रात उसका पति, देवर और एक अन्य व्यक्ति अचानक उसके कमरे पर आ धमके और वहाँ मौजूद उसके एक रिश्तेदार के साथ विवाद करने लगे। इसके बाद दोनों को बलपूर्वक बांधकर उनके साथ अमानवीय मारपीट की गई। महिला ने खुलकर स्वीकार किया कि पिछले पाँच वर्षों से उसका उक्त रिश्तेदार के साथ प्रेम संबंध चल रहा है।

तीनों आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसडीओपी महेश सुनय्या ने बताया कि पीड़ित महिला और युवक को कनासपुरा से पैदल आरसी बरूफाटक स्टेडियम तक घुमाया गया था। महिला की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, देवर और एक अन्य सहयोगी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपियों की पहचान प्रकाश मुजाल्दे, घनश्याम मुजाल्दे और गोलू जाधव के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।