सिलेंडर रिफिलिंग के अवैध कारोबार पर शिकंजा, खाद्य विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
भोपाल| भोपाल शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और गैस चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जिला खाद्य विभाग की टीम ने टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए अर्चना इंडेन गैस एजेंसी के दो कर्मचारियों को सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस रिफिल करते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
मुखबिर की सूचना पर की गई छापेमारी
खाद्य विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि डीआईजी बंगला स्थित आरिफ नगर मैदान के पास घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध तरीके से गैस चोरी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर सहायक आपूर्ति अधिकारी अशोक सत्यार्थी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान वहां एजेंसी का एक लोडिंग वाहन पाया गया, जिसमें आरोपी कर्मचारी भारत अहिरवार और भूपेंद्र नौरिया एक विशेष धातु की बंसी के जरिए बड़े सिलेंडरों से गैस निकालकर अन्य सिलेंडरों में भर रहे थे।
भागने की कोशिश और संयुक्त कार्रवाई
छापेमारी के दौरान जब विभाग की टीम ने आरोपियों को घेरने का प्रयास किया, तो वे वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, अधिकारियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दोनों आरोपियों को वाहन समेत धर दबोचा। पूछताछ और जांच में यह भी खुलासा हुआ कि भागने के दौरान उन्होंने रास्ते में दो भरे हुए सिलेंडर बेच दिए थे।
सामान जब्त और विधिक कार्रवाई
थाने में लाकर जब सिलेंडरों की वजन और तकनीकी जांच की गई, तो बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की बात सामने आई। वाहन से कुल 24 घरेलू गैस सिलेंडर, अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाली धातु की बंसी और लोडिंग वाहन जब्त किया गया। इस पूरी जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 4.63 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में कई सिलेंडरों में गैस कम पाई गई, जबकि कुछ की सील टूटी हुई मिली।
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने जानकारी दी कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जब्त किए गए साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया के तहत मामला एडीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने आम जनता और उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे डिलीवरी के समय गैस सिलेंडर का वजन जरूर चेक करें ताकि ऐसी धोखाधड़ी से बचा जा सके।


भारत-जर्मनी संबंध होंगे और मजबूत, PM मोदी ने चांसलर के साथ सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप
MP में सेवा संकल्प अभियान का बड़ा प्लान तैयार, अधिकारियों को जिलावार जिम्मेदारियां सौंपी गईं
‘हनुमान अंश’ की विदेशों में भी धूम, नॉर्थ अमेरिका में रिलीज से पहले ही करीब 1 करोड़ की कमाई
खुदरा खरीद से सोने की कीमतों में तेजी, तीन दिन की गिरावट का सिलसिला टूटा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों को लेकर रखी सरकार की सोच, समृद्धि पर दिया जोर
बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर, 11 सितंबर से लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं रहेंगी प्रभावित
नाबालिग लड़की के उत्पीड़न पर सुप्रीम कोर्ट गंभीर, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश