क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे संयोग देखने को मिले हैं, जो वक्त के साथ दिलचस्प ट्रेंड बन जाते हैं। टी20 और वनडे विश्व कप के साथ-साथ चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े आईसीसी टूर्नामेंट्स में एक ऐसा ही पैटर्न बार-बार नजर आया है। यह पैटर्न है कि जब-जब ऑस्ट्रेलिया किसी आईसीसी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज से बाहर हुआ, तब-तब एक टीम ने वह आईसीसी खिताब अपने नाम किया और यह टीम है पाकिस्तान। ऐसा तीन बार हुआ है, जब ऑस्ट्रेलिया किसी आईसीसी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज से बाहर हुई और तीनों बार पाकिस्तान ने खिताब जीता। और अब फैंस पूछ रहे हैं कि क्या 2026 में ऐसा हो पाएगा? आइए जानते हैं...

1992 वनडे विश्वकप: पहली कड़ी

1992 के वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गया था। उसी साल पाकिस्तान पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा भी मंडरा रहा था, लेकिन इमरान खान की टीम ने शानदार वापसी करते हुए और दमदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार वनडे विश्व कप ट्रॉफी उठाई। उस जीत ने विश्व क्रिकेट में नई ताकत के उभार का संकेत दिया था।

2009: टी20 में इतिहास दोहराया

2009 के टी20 विश्व कप में भी कहानी कुछ ऐसी ही रही। ऑस्ट्रेलियाई टीम शुरुआती दौर से आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद पाकिस्तान टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त खेल दिखाते हुए टी20 विश्व कप पर कब्जा जमाया। उस टीम की कमान यूनिस खान संभाल रहे थे। पाकिस्तान टीम पहली बार टी20 चैंपियन बनी थी।

2017: चैंपियंस ट्रॉफी का संयोग

2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में भी ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर हो गया था। उसी साल फिर पाकिस्तान टीम खिताब जीतकर चर्चा में रही। यह तीसरी बार था, जब ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती विदाई के बाद ट्रॉफी का रुख उसी दिशा में मुड़ा। सरफराज अहमद की टीम ने फाइनल में भारत को शिकस्त दी थी।

2026: क्या फिर होगा ऐसा?

अब 2026 टी20 विश्वकप में एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो चुका है। ऐसे में क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञ आंकड़ों को जोड़कर सवाल उठा रहे हैं कि क्या इतिहास खुद को दोहराएगा? क्या पाकिस्तान टीम एक बार फिर ट्रॉफी उठाएगी? हालांकि, क्रिकेट सिर्फ संयोग और आंकड़ों का खेल नहीं है। हर टूर्नामेंट की अपनी परिस्थितियां, फॉर्म और रणनीति होती है, लेकिन बार-बार दोहराए गए ऐसे संयोग रोमांच जरूर बढ़ा देते हैं।

संयोग नहीं, मौजूदा फॉर्म से तय होती है किस्मत

पाकिस्तान की टीम करो या मरो वाली स्थिति में सुपर-आठ में पहुंची। टीम में आपसी कलह हैं और खिलाड़ियों का कॉम्बिनेशन भी सही नहीं बैठ रहा। किस्मत के सहारे टीम सुपर आठ में जरूर पहुंची, लेकिन यहां से उसके लिए मुश्किलें खड़ी होंगी। सुपर आठ में पाकिस्तान के सामने इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका जैसी शानदार फॉर्म में चल रही टीमों की चुनौती होगी। उनसे पार पाना सलमान अली आगा के लिए आसान नहीं होगा।वहीं, ऑस्ट्रेलिया टीम इस साल कई दिग्गजों के बिना विश्व कप में उतरी थी। किस्मत ने भी टीम का साथ नहीं दिया। जिम्बाब्वे से हार ने पूरा समीकरण बदल दिया। पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क टीम का हिस्सा नहीं थे। वहीं, नियमित कप्तान मिचेल मार्श भी चोट की वजह से ज्यादातर मैच नहीं खेले। यही वजह है कि कंगारुओं को पहले राउंड से बाहर का रास्ता देखना पड़ा। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि क्या 2026 में भी वही ‘लकी कनेक्शन’ काम करेगा या इस बार कहानी बदलेगी। जवाब मैदान पर प्रदर्शन ही देगा, लेकिन आंकड़े फिलहाल एक दिलचस्प इशारा जरूर कर रहे हैं।